
मालदा मंडल के डीआरएम मनीष गुप्ता ने किया स्टेशन का निरीक्षण, यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर दिए निर्देश
भागलपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के साथ रेलवे ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। दूसरे राज्यों से भागलपुर आने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए रेलवे की ओर से विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

इसी कड़ी में मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) मनीष गुप्ता ने अधिकारियों के साथ भागलपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने और यात्रियों को किसी तरह की असुविधा नहीं होने देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीआरएम मनीष गुप्ता ने बताया कि छठ पूजा के दौरान यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे विशेष सतर्कता बरत रहा है। इसके लिए अधिकारियों से लेकर रेलवे कर्मचारियों तक को 24 घंटे ड्यूटी पर तैनात किया गया है, ताकि दूसरे राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों को स्टेशन पर किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
















