


कटिहार। कांग्रेस पार्टी के अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी सीमांचल दौरे के क्रम में छात्रों के साथ संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं कटिहार प्रभारी बिजेंद्र यादव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर छात्र-छात्राओं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं तथा आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

बिजेंद्र यादव ने कहा कि छात्रों की समस्याओं, शिक्षा व्यवस्था, युवाओं के भविष्य तथा उनके अधिकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर खुला संवाद आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की बात सुनना, उनके सुझाव प्राप्त करना तथा शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श करना है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रही है। पार्टी का मानना है कि देश का भविष्य विद्यार्थियों और युवाओं के हाथों में है, इसलिए उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को गंभीरता से सुना जाना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से राष्ट्रीय स्तर के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में यह संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
प्रभारी बिजेंद्र यादव ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन पॉलिटेक्निक चौक स्थित रिसॉर्ट में किया जाएगा, जहां शिक्षा जगत से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्ति, कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में शिक्षा, सामाजिक सरोकार, युवाओं की भूमिका तथा राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर भी विचार रखे जाएंगे।
उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं, युवाओं तथा कांग्रेस परिवार के सदस्यों से आग्रह किया कि वे अपने आसपास के विद्यार्थियों को भी साथ लेकर कार्यक्रम में पहुंचें, ताकि अधिक से अधिक युवा इस संवाद का हिस्सा बन सकें और अपने विचार सीधे राष्ट्रीय नेतृत्व के समक्ष रख सकें।
बिजेंद्र यादव ने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से यह कार्यक्रम सफल होगा तथा छात्रों की आवाज़ को और अधिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि अधिकाधिक उपस्थिति से युवाओं के मुद्दों को व्यापक स्तर पर सामने लाने में सहायता मिलेगी।
















