


कटिहार। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शनिवार को टाउन हॉल, कटिहार में सर्वोदय समाज द्वारा आयोजित “कटिहार गौरव सम्मान समारोह” में चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. तारकेश्वर प्रसाद को प्रतिष्ठित “कटिहार गौरव सम्मान” से सम्मानित किया गया। समारोह में शिक्षा, चिकित्सा, समाजसेवा, संस्कृति एवं अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले प्रतिभाशाली व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया।

डॉ. तारकेश्वर कुमार को यह सम्मान बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कटिहार विधायक तारकिशोर प्रसाद तथा कटिहार की महापौर उषा अग्रवाल ने संयुक्त रूप से अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान चिकित्सा सेवा के प्रति उनके समर्पण, मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार तथा समाजहित में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की गई।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि डॉ. तारकेश्वर कुमार ने अपने सेवा भाव, कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय दृष्टिकोण से चिकित्सा क्षेत्र में एक अलग पहचान बनाई है। जरूरतमंद मरीजों के प्रति उनकी संवेदनशीलता और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उन्हें अन्य चिकित्सकों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनाती है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. तारकेश्वर कुमार ने सर्वोदय समाज, आयोजन समिति तथा सम्मान प्रदान करने वाले सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि चिकित्सा सेवा से जुड़े प्रत्येक कर्मी के समर्पण और सेवा भावना का सम्मान है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उन्हें भविष्य में भी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ समाज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित करेगी।
उन्होंने कहा कि एक चिकित्सक का दायित्व केवल मरीजों का उपचार करना ही नहीं, बल्कि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंदों तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना भी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे आगे भी जनसेवा के कार्यों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी रखेंगे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित लोग उपस्थित रहे। समारोह में सम्मानित सभी विभूतियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया। आयोजन के अंत में सभी सम्मानित अतिथियों एवं प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए समाजहित में निरंतर कार्य करते रहने का आह्वान किया गया।
















