


पूर्णिया : श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग, पूर्णिया के तत्वावधान में गुरुवार को जिले के डगरूआ प्रखंड में बाल श्रम उन्मूलन एवं विमुक्ति को लेकर विशेष धावा दल अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य बाल श्रम पर प्रभावी रोक लगाना एवं बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना था।
संयुक्त धावा दल टीम द्वारा विभिन्न दुकान, प्रतिष्ठान, होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा एवं गैरेजों में सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल दो बाल श्रमिकों को कार्यस्थलों से मुक्त कराया गया।
अभियान की अध्यक्षता श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी डगरूआ श्री अमरनाथ यादव ने की । टीम में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी कसबा शुभम प्रियदर्शी, अमौर प्रभारी बैसा के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी आदित्य आकाश कुमार सहित प्रयास जैक सोसाइटी के सदस्य शेखर तिर्की एवं श्री मोहम्मद सज्जाद तथा स्थानीय थाना पुलिस बल शामिल रहे।
मुक्त कराए गए दोनों बाल श्रमिकों को आवश्यक कार्रवाई के बाद बाल कल्याण समिति के सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं दोषी नियोजकों के विरुद्ध बाल श्रमिक एवं किशोर (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 के तहत प्राथमिकी दर्ज करते हुए प्रति बाल श्रमिक 20 हजार से 50 हजार रुपये तक जुर्माना वसूलने की कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बाल श्रम के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा कानून उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।















