


पूर्णिया: जिलाधिकारी अंशुल कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं विद्यालय परिवहन समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पूर्णिया शहर की यातायात व्यवस्था, जाम की समस्या, सड़क सुरक्षा, हिट एंड रन मामलों, दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट तथा सुरक्षित वाहन संचालन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने शहर में सुव्यवस्थित और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को ठोस कदम उठाने का निर्देश दिया।
यातायात व्यवस्था सुधार के लिए निर्देश
जिलाधिकारी ने नगर निगम, पथ निर्माण विभाग, यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने शहर में वन-वे व्यवस्था लागू करने, समुचित पार्किंग सुविधा विकसित करने, प्रमुख स्थानों पर साइनेज एवं जेब्रा क्रॉसिंग बनाने तथा टोइंग वाहन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मोटर वाहन अधिनियम के नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की नियमित जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा उसकी रिपोर्ट जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराई जाए।
ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना नियंत्रण पर जोर
जिलाधिकारी ने चिन्हित दुर्घटना बाहुल्य ब्लैक स्पॉट पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जहां बार-बार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, वहां रंबल स्ट्रिप (स्पीड ब्रेकर) का निर्माण कराया जाए और नियमित निगरानी की जाए। साथ ही संबंधित विभागों को सड़कों की स्थिति को मोटरेबल बनाए रखने के लिए नियमित निरीक्षण करने को कहा गया।
अवैध पार्किंग और ओवरलोडिंग पर चलेगा अभियान
जिलाधिकारी ने अवैध पार्किंग, ओवरलोडिंग, बिना निबंधन वाले वाहनों के परिचालन एवं निर्धारित रूट से अलग वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। नगर निकायों को अतिक्रमण हटाने के लिए नियमित अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए।
विद्यालय वाहनों की सुरक्षा पर सख्ती
विद्यालय परिवहन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं निजी विद्यालय संगठनों को निर्देश दिया कि सभी स्कूल वाहनों का संचालन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही किया जाए। किसी भी स्थिति में नियमों के विरुद्ध वाहनों का संचालन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जन-जागरूकता पर जोर
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जन-जागरूकता को जरूरी बताते हुए जिलाधिकारी ने विद्यालयों में वाद-विवाद, स्लोगन लेखन, पेंटिंग प्रतियोगिता एवं विचार गोष्ठियों के माध्यम से बच्चों को जागरूक करने का निर्देश दिया।
हिट एंड रन मामलों में त्वरित कार्रवाई
बैठक में हिट एंड रन मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पीड़ितों को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिला परिवहन पदाधिकारी को सभी लंबित आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी, यातायात डीएसपी, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं अभियंता उपस्थित रहे।
अंत में जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें। साथ ही किसी भी आपदा या आपात स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबरों पर संपर्क करने का आग्रह किया गया।















