


नवगछिया।नवगछिया थाना क्षेत्र के तेतरी निवासी दिलीप राय की पुत्री नेहा कुमारी ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में पीड़िता ने नवगछिया महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2022 में खगड़िया जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र अंतर्गत कन्हैयाचक गोविंदपुर निवासी गणेश कुमार चौधरी के साथ हुई थी। विवाह के समय मायके पक्ष द्वारा लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के उपहार एवं सामान दिए गए थे।

आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज के रूप में 10 लाख रुपये नकद एवं बुलेट मोटरसाइकिल की मांग की जाने लगी। मांग पूरी नहीं होने पर पति, सास और ससुर द्वारा मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उस पर मिट्टी का तेल छिड़ककर जलाने का प्रयास किया गया, जिसके बाद वह किसी तरह अपनी जान बचाकर मायके पहुंची।
महिला थाना पुलिस ने पीड़िता के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है तथा पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद पीड़िता एवं उसके परिजनों ने प्रशासन से न्याय दिलाने की मांग की है।
















