
@ दो दिवसीय भारतीय मजदूर संघ की प्रांतीय कार्यसमिति बैठक शुरू, श्रमिकों के मुद्दों पर हुई चर्चा।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। एनटीपीसी, कहलगांव परिसर स्थित अलखनंदा भवन में शनिवार को भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) की दो दिवसीय प्रांतीय कार्यसमिति बैठक का शुभारंभ हुआ। बैठक का उद्घाटन भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय मंत्री संजय कुमार सिन्हा एवं क्षेत्रीय संगठन मंत्री धर्मदास शुक्ला ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

उद्घाटन सत्र में उपस्थित स्थानीय विधायक शुभानंद मुकेश ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ देश का एक सशक्त श्रमिक संगठन है। संगठन का मूल उद्देश्य राष्ट्रहित, उद्योगहित और श्रमिकहित को सर्वोपरि रखना है। श्रमिकों के अधिकारों और हितों की रक्षा में संगठन की महत्वपूर्ण भूमिका है।
वहीं, पीरपैंती के विधायक मुरारी पासवान ने कहा कि आज अपनों के बीच आकर उन्हें असीम सुखद अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय मजदूर संघ के लिए कार्य करने का परम सौभाग्य उन्हें प्राप्त हुआ है। उनकी हार्दिक इच्छा है कि संगठन का कार्य गांव-गांव तक पहुंचे और अधिक से अधिक श्रमिक इससे जुड़ें।
बैठक के प्रथम दिन संगठित एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों, समस्याओं और उनके हितों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने तथा उसकी गतिविधियों का ग्रामीण क्षेत्रों तक विस्तार करने पर भी जोर दिया गया।
दो दिवसीय इस प्रांतीय कार्यसमिति बैठक में श्रमिकों की समस्याओं के समाधान, उनके अधिकारों की रक्षा और संगठनात्मक मजबूती से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया जा रहा है।















