


नवगछिया के अजय ढाबा के समीप एनएच-31 पर हुआ हादसा, सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर
नवगछिया। शनिवार की रात बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर से पूजा-अर्चना कर लौट रहे कांवरियों से भरे एक टेंपो की एनएच-31 पर अजय ढाबा के समीप पिकअप वाहन से आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में टेंपो पर सवार पांच श्रद्धालु घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर किया गया है।
घायलों की पहचान पूर्णिया जिले के मरंगा निवासी शंभू महालदार, गौरी देवी (46), चांदनी देवी (45), मीरा देवी (45) तथा रामानंद महालदार (55) के रूप में हुई है। सभी श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम में जलार्पण एवं पूजा-अर्चना करने के बाद अपने घर लौट रहे थे।

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों एवं पुलिस की मदद से सभी घायलों को अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया।
हादसे के कारण एनएच-31 पर कुछ समय के लिए वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही ट्रैफिक थाना अध्यक्ष सुजीत कुमार वारसी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। रंगरा थाना पुलिस ने भी राहत एवं बचाव कार्य तथा जाम हटाने में सहयोग किया।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। ट्रैफिक थाना अध्यक्ष सुजीत कुमार वारसी ने बताया कि घायलों का इलाज जारी है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।
















