


लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप, पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हथियार भी बरामद किया
नवगछिया के गोपालपुर थाना क्षेत्र के सुकटिया बाजार में महिला की हत्या के मामले का नवगछिया पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में मृतका के पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के रतनगंज सुकटिया बाजार निवासी जीवन हरिजन के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि 2 जुलाई को सूचना मिली थी कि सुकटिया बाजार स्थित एक खेत में एक महिला पर धारदार हथियार एवं लोहे की रॉड से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया है। सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए।
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज) रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका की मां के फर्दबयान के आधार पर गोपालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, नवगछिया ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा मामले के शीघ्र उद्भेदन के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया।
पुलिस के अनुसार, एसआईटी ने तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान, वैज्ञानिक साक्ष्यों तथा अन्य प्राप्त जानकारियों के आधार पर 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए आरोपी जीवन हरिजन को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि उसका एक अन्य महिला के साथ संबंध था, जिससे पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपनी पत्नी की हत्या करने की योजना बनाई थी। कथित रूप से गोली उपलब्ध नहीं होने पर उसने लोहे की रॉड से पत्नी के सिर पर कई वार किए और गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे खेत में छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर मामले से जुड़ा एक अवैध हथियार भी बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने कहा कि मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।
















