5
(1)

खाटू धाम से पूजित शिलाएं लाई जाएंगी नवगछिया, गोपाल गौशाला से निकलेगी निशान शोभायात्रा

नवगछिया। नवगछिया में श्री खाटू श्याम मंदिर निर्माण की तैयारियां तेज हो गई हैं। श्री श्याम भक्त मंडल न्यास की कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक मारवाड़ी विवाह भवन में हुई, जिसमें मंदिर निर्माण और भूमि पूजन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। न्यास के अनुसार, मारवाड़ी विवाह भवन के पिछले भाग में श्री खाटू श्याम मंदिर का निर्माण कराया जाएगा। मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन देवउठनी एकादशी के अवसर पर भव्य समारोह के साथ किया जाएगा।

बैठक में बताया गया कि नवगछिया में खाटू श्याम मंदिर निर्माण का संकल्प लंबे समय से समाज के लोगों और श्याम भक्तों के मन में था। अब समाज के अभिभावकों और श्याम प्रेमियों के सहयोग से यह संकल्प साकार होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

खाटू धाम से लाई जाएंगी पूजित शिलाएं

मंदिर निर्माण की प्रक्रिया के प्रथम चरण में श्याम भक्तों का एक दल राजस्थान के सीकर जिले में स्थित श्री खाटू श्याम धाम जाएगा। दुर्गापूजा की दशमी के दिन रवाना होने वाले दल द्वारा खाटू धाम में एकादशी के अवसर पर 11 ईंटों अथवा शिलाओं का विधिवत पूजन कराया जाएगा। इसके बाद बारस की पूजा-अर्चना पूरी कर पूजित शिलाओं को नवगछिया लाया जाएगा।

न्यास के सदस्यों के अनुसार, इन पूजित शिलाओं को खाटू धाम की आस्था और बाबा श्याम के आशीर्वाद के प्रतीक के रूप में मंदिर निर्माण की आधार प्रक्रिया से जोड़ा जाएगा।

देवउठनी एकादशी पर होगा भूमि पूजन

छठ पूजा के बाद आने वाली देवउठनी एकादशी के अवसर पर मारवाड़ी विवाह भवन में श्री खाटू श्याम मंदिर के लिए भव्य भूमि पूजन समारोह आयोजित किया जाएगा। भूमि पूजन में समाज के लोगों, श्याम भक्तों और श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया जाएगा।

इस अवसर पर गोपाल गौशाला से बाबा श्याम की निशान शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए मारवाड़ी विवाह भवन पहुंचेगी। इसके बाद पंडित एवं आचार्यगण के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन कराया जाएगा।

भजन-कीर्तन का भी होगा आयोजन

भूमि पूजन के बाद बाबा श्याम की पावन ज्योत प्रज्वलित की जाएगी। इसके साथ ही स्थानीय और बाहर से आने वाले भजन गायकों द्वारा श्याम भजनों की प्रस्तुति की जाएगी। कार्यक्रम में श्री श्याम भक्त मंडल न्यास के संरक्षकगण, पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में श्याम भक्तों के शामिल होने की संभावना है।

न्यास के सदस्यों ने कहा कि प्रस्तावित मंदिर केवल पूजा स्थल तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे भक्ति, संस्कार, सेवा, सामाजिक एकता और आपसी सहयोग के केंद्र के रूप में विकसित करने की भावना है। मंदिर निर्माण को लेकर नवगछिया के श्याम भक्तों में उत्साह बना हुआ है।

बैठक में सभी श्याम प्रेमियों से मंदिर निर्माण के इस सामूहिक संकल्प से जुड़ने और अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग करने की अपील की गई। मंदिर निर्माण के भूमि पूजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और आयोजन को भव्य रूप देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: