


नवगछिया बस स्टैंड के समीप प्रत्येक शनिवार को होता है आयोजन, सांवरिया सरकार के सदस्य भी हुए शामिल
नवगछिया। नवगछिया बस स्टैंड स्थित सुंदरम रेस्टोरेंट के समीप प्रत्येक शनिवार को आयोजित होने वाले महाप्रसाद वितरण कार्यक्रम के तहत इस शनिवार भी श्रद्धापूर्वक प्रसाद का वितरण किया गया। परम पूज्य स्वामी आगमानंद जी महाराज के निर्देशन में सेवा श्री की ओर से आयोजित कार्यक्रम में इस बार पूंगल खिचड़ी का महाप्रसाद तैयार किया गया।

महाप्रसाद का वितरण शुरू करने से पहले खिचड़ी को बजरंगबली को अर्पित किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं और जरूरतमंद लोगों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
कार्यक्रम में नवगछिया के सांवरिया सरकार के सदस्य भी शामिल हुए। इनमें शिवम सराफ, मयूर केजरीवाल, रंजीत जायसवाल और राहुल यादुका प्रमुख रूप से मौजूद रहे। सदस्यों ने सेवा कार्य में सहभागिता की और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण में सहयोग किया।

वहीं, सेवा श्री की ओर से डॉ. दीपक कुमार, अधिवक्ता अजीत पांडे, श्रीजीत सुंदरम, मोनू कुमार, संजय कुमार, अमर शर्मा सहित दर्जनों सेवक मौजूद रहे। सभी सेवकों ने श्रद्धालुओं के बीच व्यवस्थित तरीके से प्रसाद का वितरण कराया।
आयोजकों ने बताया कि सेवा श्री की ओर से प्रत्येक शनिवार को नियमित रूप से महाप्रसाद वितरण किया जाता है। कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों और श्रद्धालुओं तक भोजन पहुंचाने के साथ सेवा एवं मानव कल्याण की भावना को आगे बढ़ाना है।















