


पूर्णिया। जिला कल्याण पदाधिकारी, पूर्णिया द्वारा गुरुवार को बनमनखी प्रखंड के बुढ़िया स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में संचालित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के क्रम में आगामी 5 जून 2026 से शुरू होने वाले ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान विद्यालय में शिक्षकों की रोस्टरवार प्रतिनियुक्ति को लेकर प्रधानाध्यापक के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। जिला कल्याण पदाधिकारी ने अवकाश अवधि में भी विद्यालय की आवश्यक गतिविधियों एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर बल दिया।

इस दौरान विद्यालय परिसर में बिहार राज्य भवन निर्माण निगम द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जीविका समूह द्वारा संचालित मेस व्यवस्था की भी जांच की गई। छात्रों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इसके अलावा विद्यालय परिसर की स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी अवलोकन किया गया।
जिला कल्याण पदाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन को निर्देश दिया कि छात्रों के हितों से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए तथा परिसर में साफ-सफाई और अनुशासन बनाए रखा जाए। उन्होंने कहा कि आवासीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय प्रशासन के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। जिला कल्याण पदाधिकारी ने विद्यालय की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक सुधारात्मक सुझाव भी दिए।

















