
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। दुर्गापूजा, दीपावली एवं छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कटिहार – सबौर – कटिहार के बीच विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। पूर्व रेलवे की ओर से 5 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र के अनुसार ट्रेन संख्या 05782/05781 का परिचालन निर्धारित तिथियों में किया जाएगा।
ट्रेन संख्या 05782 (कटिहार – सबौर विशेष) 8 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक निर्धारित सोमवार, गुरुवार एवं रविवार को कुल 24 फेरों में चलेगी। यह ट्रेन कटिहार से शाम 4:50 बजे रवाना होकर रात 10:15 बजे भागलपुर और रात 11 बजे सबौर पहुंचेगी।

वहीं, ट्रेन संख्या 05781 (सबौर – कटिहार विशेष) 9 अक्टूबर से 1 दिसंबर 2026 तक निर्धारित सोमवार, मंगलवार एवं शुक्रवार को कुल 24 फेरों में परिचालित होगी। यह ट्रेन सबौर से सुबह 4:50 बजे रवाना होकर 5:05 बजे भागलपुर पहुंचेगी और पूर्वाह्न 10:55 बजे कटिहार पहुंचेगी।
विशेष ट्रेन का ठहराव करहगोला रोड, कुरसेला, नवगछिया, थाना बिहपुर, मानसी, खगड़िया, सबदलपुर जंक्शन, मुंगेर, सुल्तानगंज एवं भागलपुर सहित निर्धारित स्टेशनों पर होगा।
रेलवे के अनुसार, विशेष ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे। इसका परिचालन मेल/एक्सप्रेस श्रेणी में किया जाएगा। किराया रेलवे के प्रचलित नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुसार निर्धारित होगा।
जिला प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के परिचालन की निर्धारित तिथि, समय-सारणी और आरक्षण संबंधी जानकारी रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से अवश्य प्राप्त कर लें। भागलपुर एवं आसपास के यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेन की समय-सारणी भी जारी की गई है।
















