5
(2)

20 हजार विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं : डॉ. आलोक राज एवं पीयूष पुजारा ने कहा- जब तक सांस रहेगी, जारी रहेगी छात्रों के अधिकारों की लड़ाई

पूर्णिया। पूर्णिया विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा सीमांचल के लगभग 20 हजार विद्यार्थियों के अंक प्रमाण पत्र एवं मूल प्रमाण पत्र जारी करने पर रोक लगाए जाने के विरोध में शनिवार को अनोखे गांधीवादी आंदोलन का आयोजन किया गया। पूर्णिया विश्वविद्यालय बनाओ संघर्ष समिति के संस्थापक डॉ. आलोक राज एवं छात्र राष्ट्रीय जनता दल के विश्वविद्यालय अध्यक्ष पीयूष पुजारा के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन के माध्यम से विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष अपनी पीड़ा और मांगों को अनूठे अंदाज में रखा।

आंदोलन की शुरुआत पूर्णिया कॉलेज परिसर स्थित गांधी स्मृति स्थल से हुई। आंदोलनकारियों ने सर्वप्रथम राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को नमन करते हुए उन्हें दंडवत प्रणाम किया। इसके बाद हाथों में तिरंगा लेकर गांधीवादी तरीके से दंडवत प्रणाम करते हुए पूर्णिया विश्वविद्यालय पहुंचे। वहां डॉ. आलोक राज एवं पीयूष पुजारा ने कुलपति, कुलानुशासक तथा छात्र कल्याण अध्यक्ष के समक्ष दंडवत प्रणाम कर उनके पैर पकड़ते हुए रो-बिलखकर विद्यार्थियों के लंबित अंक प्रमाण पत्र एवं मूल प्रमाण पत्र जारी करने की मार्मिक गुहार लगाई।

आंदोलनकारियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से सवाल किया कि क्या सीमांचल के गरीब विद्यार्थियों ने पूर्णिया विश्वविद्यालय में नामांकन लेकर कोई अपराध किया है, जिसकी सजा उन्हें दी जा रही है? आखिर किन कारणों से लगभग 20 हजार विद्यार्थियों के शैक्षणिक दस्तावेज रोके गए हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन टीआर (टेबुलेशन रजिस्टर) में कटिंग का हवाला देकर प्रमाण पत्र जारी नहीं कर रहा है, जबकि इनमें से कई विद्यार्थियों को पूर्व में ही अंक पत्र एवं प्रमाण पत्र दिए जा चुके हैं। कई विद्यार्थी इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर अपनी आगे की पढ़ाई पूरी कर चुके हैं तथा विभिन्न संस्थानों में नौकरी और अन्य कार्यों से भी जुड़ चुके हैं। ऐसे में वर्षों बाद उनके प्रमाण पत्र रोकना उनके शैक्षणिक भविष्य के साथ गंभीर अन्याय है।

आंदोलनकारियों ने स्नातक प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय खंड के विद्यार्थियों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। उनका कहना था कि जिन विद्यार्थियों का पंजीयन वैध है, उन्हें पंजीयन की निर्धारित अवधि समाप्त होने तक प्रत्येक वर्ष परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलना चाहिए था। इसके बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन ने ऐसे विद्यार्थियों को भी परीक्षा और डिग्री से वंचित कर दिया। इससे सीमांचल के हजारों विद्यार्थियों का शैक्षणिक भविष्य प्रभावित हो रहा है।

डॉ. आलोक राज एवं पीयूष पुजारा ने कहा कि विद्यार्थियों के अधिकारों की लड़ाई किसी भी परिस्थिति में नहीं रुकेगी। जब तक शरीर में सांस रहेगी, तब तक छात्रों के हितों के लिए संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी कीमत पर सीमांचल के विद्यार्थियों का भविष्य बर्बाद नहीं होने दिया जाएगा। साथ ही राज्य सरकार एवं लोक भवन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर प्रभावित विद्यार्थियों को न्याय दिलाने की मांग की।

आंदोलनकारियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की कि विद्यार्थियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए तथा लंबित अंक प्रमाण पत्र एवं मूल प्रमाण पत्र अविलंब जारी किए जाएं। उन्होंने कहा कि जब हजारों विद्यार्थी अपनी डिग्री और प्रमाण पत्रों के लिए परेशान हैं तथा भविष्य को लेकर चिंतित हैं, तब दीक्षांत समारोह आयोजित करना उचित नहीं है। दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के लिए गौरव और प्रसन्नता का अवसर होता है, लेकिन जब बड़ी संख्या में विद्यार्थी अपनी डिग्री पाने के लिए संघर्ष कर रहे हों, तो उनकी समस्याओं का समाधान किए बिना समारोह आयोजित करना उनकी पीड़ा की अनदेखी होगी।

इस अनोखे गांधीवादी आंदोलन में डॉ. आलोक राज एवं पीयूष पुजारा दंडवत प्रणाम करते हुए आगे बढ़ रहे थे, जबकि मोहम्मद लुकमान एवं ज्योतिष तिरंगा लेकर उनके साथ चल रहे थे। आंदोलन में कई अन्य छात्र-छात्राओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई और विद्यार्थियों के अधिकारों की मांग को समर्थन दिया।

आंदोलन के अंत में डॉ. आलोक राज एवं पीयूष पुजारा ने आंदोलन में शामिल सभी छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि जल्द ही विद्यार्थियों के हित में सकारात्मक निर्णय लेकर लंबित प्रमाण पत्र जारी नहीं किए गए, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा तथा छात्रों को न्याय दिलाने के लिए निर्णायक संघर्ष किया जाएगा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: