


लोगों को दी मुबारकबाद, भाईचारे और अमन-चैन का दिया संदेश
पूर्णिया। ईद-उल-अजहा के पावन अवसर पर पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों का दौरा कर मुस्लिम समुदाय के लोगों को ईद की मुबारकबाद दी। इस दौरान उन्होंने लोगों से मुलाकात कर आपसी भाईचारा, अमन-चैन और खुशहाली की दुआ की।
सांसद पप्पू यादव सुबह सबसे पहले लाइन बाजार स्थित सज्जादिया ईदगाह पहुंचे, जहां ईद की नमाज अदा करने आए लोगों से मिलकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इसके बाद उन्होंने खजांची हाट जामा मस्जिद सहित नगर निगम क्षेत्र के कई अन्य मस्जिदों और ईदगाहों का भी दौरा किया। हर जगह लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस अवसर पर सांसद पप्पू यादव ने कहा कि ईद-उल-अजहा त्याग, इंसानियत, प्रेम और भाईचारे का पर्व है। यह त्योहार हमें एक-दूसरे की मदद करने और समाज में सौहार्द बनाए रखने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि पूर्णिया हमेशा से सामाजिक सद्भाव और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल रहा है, जहां सभी समुदाय के लोग मिल-जुलकर हर पर्व मनाते हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि समाज में प्रेम, एकता और भाईचारे की भावना को और मजबूत करें तथा देश और समाज की तरक्की के लिए मिलकर कार्य करें। सांसद ने पूर्णिया एवं सीमांचलवासियों की सुख-समृद्धि, बेहतर स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना भी की।
मौके पर सांसद प्रतिनिधि बबलू भगत, दिवाकर चौधरी, संजय सिंह, नगर प्रतिनिधि वैश खान, सुडू यादव, अशोक दास, हरीश चौधरी, अरुण यादव, डबलू खान, मो. समिउल्लाह, सुमित यादव, अली खान, आलोक अकेला, सोनू यादव, संगम, नितेश गुप्ता सहित कई लोग मौजूद थे।













