


पूर्णिया। कैलाश सुशील नर्सिंग संस्थान के प्रांगण में संस्थान के संस्थापक स्मृतिशेष इंजीनियर राजीव कुमार सिंह की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। क्रिया-कर्म के बाद आयोजित श्रद्धांजलि सभा में संस्थान से जुड़े लोगों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों, छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय लोगों ने स्मृतिशेष इंजीनियर राजीव कुमार सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैलाश सुशील नर्सिंग संस्थान सह अजय हॉस्पिटल के निदेशक रंजीत रमण ने कहा कि आज वह निःशब्द और स्तब्ध हैं कि उनके भाई इंजीनियर राजीव कुमार सिंह उनके बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी परिकल्पना और विचार आज भी साथ हैं। उन्होंने कहा कि राजीव कुमार सिंह परमार्थी व्यक्ति थे और उनकी सोच एवं समझ उच्च कोटि की थी।
उन्होंने बताया कि अपनी सोच को सार्थक करने के लिए इंजीनियर राजीव कुमार सिंह ने स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया था और उसे धरातल पर उतारने का प्रयास किया। उनकी सोच का ही परिणाम है कि आज कैलाश सुशील नर्सिंग संस्थान के इस परिसर में इतनी संख्या में लोग एकत्रित होकर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
रंजीत रमण ने कहा कि इंजीनियर राजीव कुमार सिंह की परिकल्पना को सार्थक बनाने में उनकी पत्नी कंचन भारती का शत-प्रतिशत सहयोग रहा है। उन्होंने कहा कि राजीव भाई साहब आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन कंचन भारती मार्गदर्शिका के रूप में लगातार मार्गदर्शन देती रहेंगी और उनके विचारों एवं परिकल्पनाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास जारी रहेगा।
समाजसेवी संजय सिंह ने कहा कि इंजीनियर राजीव कुमार सिंह सरल स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे। अपने व्यवहार और स्वभाव से वे हर किसी को प्रभावित कर लेते थे। उनके व्यक्तित्व और सामाजिक सोच को हमेशा याद किया जाएगा।
पूर्णिया नगर निगम के वार्ड पार्षद प्रतिनिधि ने कहा कि इंजीनियर राजीव कुमार सिंह आज भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार आज भी समाज के साथ हैं। उनके लिए सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि उनके विचारों और सोच को आगे बढ़ाया जाए।
नर्सिंग छात्राओं ने प्रस्तुत किया भक्ति नृत्य और नुक्कड़ नाटक
कार्यक्रम के दौरान कैलाश सुशील नर्सिंग संस्थान की छात्राओं ने भक्ति नृत्य एवं संगीत की प्रस्तुति देकर श्रद्धांजलि सभा में आध्यात्मिक माहौल बनाया। छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर लोगों को जागरूक किया। छात्राओं की कलात्मक प्रस्तुतियों की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
दिखाई गई राजीव कुमार सिंह के जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री
श्रद्धांजलि सभा के दौरान इंजीनियर राजीव कुमार सिंह के जीवन एवं उनके कार्यों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी प्रदर्शित की गई। डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से उनके व्यक्तित्व, विचारों और समाजहित से जुड़े कार्यों को याद किया गया।
इस अवसर पर कैलाश सुशील नर्सिंग संस्थान परिसर में सुधांशु शेखर, राज रमण, पुष्कर आनंद एवं भजन सम्राट गायक राजीव कुमार सिंह को स्मृतिशेष इंजीनियर राजीव कुमार सिंह ‘गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
दरिद्र नारायण को कराया गया भोजन, अंगवस्त्र भी प्रदान
पुण्यतिथि के अवसर पर समाज निर्माण फाउंडेशन ट्रस्ट की सचिव कंचन भारती की ओर से दरिद्र नारायण को भोजन कराया गया और अंगवस्त्र प्रदान किया गया। आयोजन के माध्यम से सामाजिक सेवा और जरूरतमंदों की सहायता का संदेश भी दिया गया।
भजन एवं संगीत के माध्यम से दी श्रद्धांजलि
संध्या सात बजे से आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भजन सम्राट राजीव कुमार सिंह ने अपने गायन एवं संगीत के माध्यम से स्मृतिशेष इंजीनियर राजीव कुमार सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। भजन और संगीत की प्रस्तुति के दौरान उपस्थित लोगों का माहौल भावुक हो गया।
इन लोगों ने भी व्यक्त किए विचार
श्रद्धांजलि सभा को डॉक्टर केके चौधरी, प्रो. प्रेमचंद, डॉक्टर एसके सिन्हा, जदयू के जिला अध्यक्ष प्रकाश कुमार सिंह, समाजसेवी कुणाल चौधरी एवं विजय पोद्दार ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने इंजीनियर राजीव कुमार सिंह के व्यक्तित्व, सामाजिक सोच एवं उनके कार्यों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में ट्रस्टी कैलाश प्रसाद सिंह, ट्रस्टी सुशील कुमार मेहता, चंदन कुमार, पप्पू कुमार रंजन (पूर्व मुखिया), मंगलदीप शर्मा (पूर्व सरपंच), विजय भगत, विलियन साह, बिजेन्द्र कुमार बिजली सहित संस्थान के सभी कर्मी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। सभी ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्मृतिशेष इंजीनियर राजीव कुमार सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।
















