


पूर्णिया। पूर्णिया नगर निगम क्षेत्र में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में कथित देरी और योजनाओं को तकनीकी स्वीकृति नहीं मिलने के मामले को लेकर महापौर विभा कुमारी के नेतृत्व में वार्ड पार्षदों का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को जिलाधिकारी अंशुल कुमार से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को आवेदन सौंपकर मामले में हस्तक्षेप करते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
महापौर ने नगर निगम के अधीक्षण अभियंता मो. रैयान हैदर एवं सहायक अभियंता संजय कुमार द्विवेदी की कार्यप्रणाली की ओर जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराया।

सौंपे गए आवेदन में कहा गया है कि नगर निगम की ओर से शहर के विकास, बुनियादी सुविधाओं में सुधार एवं जनहित से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए समय-समय पर निविदाएं आमंत्रित की जाती हैं। हालांकि, कई योजनाओं को समय पर तकनीकी स्वीकृति नहीं मिलने के कारण उनके क्रियान्वयन में बाधा उत्पन्न हो रही है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि कई योजनाओं एवं निविदाओं को निरस्त, विलंबित अथवा वापस किया गया है। इससे नगर निगम क्षेत्र में चलने वाले विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। वार्ड पार्षदों ने तकनीकी स्वीकृति और निविदा प्रक्रिया में देरी को लेकर चिंता जताई है।
अधीक्षण अभियंता की कार्यप्रणाली पर भी उठाए सवाल
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि अधीक्षण अभियंता के कार्यालय से अनुपस्थित रहने तथा उनकी अनुपस्थिति में सहायक अभियंता एवं कंप्यूटर ऑपरेटर द्वारा कार्य संपादित किए जाने के कारण कार्यालय की कार्यप्रणाली प्रभावित हो रही है।
महापौर एवं वार्ड पार्षदों ने आवेदन में 21 जनवरी 2026 को नगर निगम बोर्ड की बैठक में अधीक्षण अभियंता को पद से हटाने का प्रस्ताव पारित किए जाने का भी उल्लेख किया है।
जांच के लिए पहले भी दिया गया था आवेदन
नगर निगम के वार्ड पार्षदों की ओर से अधीक्षण अभियंता एवं संबंधित कर्मियों की कार्यप्रणाली की जांच को लेकर 30 मार्च 2026 को नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार, पटना को भी आवेदन दिया गया था। इसकी प्रतिलिपि 1 अप्रैल 2026 को संबंधित कार्यालय में सौंपी गई थी।
आवेदन में कहा गया है कि योजनाओं की तकनीकी स्वीकृति एवं निविदा प्रक्रिया में हो रही देरी के कारण सड़क, नाला तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। साथ ही आवंटित विकास राशि समय पर खर्च नहीं होने से योजनाओं की लागत बढ़ने और विकास कार्यों की गति धीमी होने की आशंका भी जताई गई है।
समय पर तकनीकी स्वीकृति देने की मांग
महापौर सहित प्रतिनिधिमंडल में शामिल वार्ड सदस्यों ने जिलाधिकारी से मामले को गंभीरता से लेते हुए अपने स्तर से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की। उन्होंने नगर निगम की विकास योजनाओं को नियमानुसार निर्धारित समय-सीमा में तकनीकी स्वीकृति दिलाने का आग्रह किया, ताकि पूर्णिया शहर में विकास कार्य निर्बाध रूप से जारी रह सकें।
प्रतिनिधिमंडल में वार्ड पार्षद राजीव रंजन सहाय, कृष्ण कुमार पासवान, नवल जायसवाल, अमित कुमार सोनी, लखेंद्र साह, प्रदीप जायसवाल, चांदनी देवी, पूजा कुमारी, बबली कुमारी, अर्जुन सिंह, कल्याणी राय, कमली देवी, अभिजीत कुमार उर्फ निप्पू पासवान, गुलाब हुसैन, अंजनी साह, स्वपन घोष, ममता सिंह, समसुन खातून, जितनी देवी, दीपा भारती, कुमारी खुशबू तथा पूनम देवी शामिल थीं।
















