


पूर्णिया। पर्यावरण संरक्षण एवं विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से कसबा प्रखंड के सब्दलपुर पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय तालझाड़ी में मिशन लाइफ–स्वच्छ पर्यावरण के लिए जीवनशैली के अंतर्गत “एक पेड़ माँ के नाम 3.0” अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय से प्राप्त निर्देश के आलोक में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में कुल 130 पौधों का रोपण किया गया। अभियान में विद्यालय के विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्र-छात्राएं अपने घरों से पौधे लेकर विद्यालय पहुंचे और उन्हें विद्यालय परिसर में लगाया।
मवेशियों से पौधों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से ज्यादातर पौधे गमलों में लगाए गए, ताकि विद्यालय अवधि के बाद उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखा जा सके। पौधारोपण के माध्यम से विद्यार्थियों को पेड़ों के महत्व, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ एवं हरित वातावरण तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
विद्यालय के प्रधान शिक्षक सुमित भारती ने कहा कि पौधारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने विद्यार्थियों को लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं उनके संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर शिक्षक जफर आलम, रुखसाना परवीन, मुसर्रत यासमिन, नगमा परवीन सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक लोगों को पौधारोपण करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।
















