


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने शनिवार को ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का आंतरिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और ईवीएम-वीवीपैट के रख-रखाव का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक (नगर), उप निर्वाचन पदाधिकारी समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
डीएम ने वेयरहाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की जांच की और सतत निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने को भी कहा।

सुरक्षा कर्मियों को निर्देश देते हुए डीएम ने कहा कि वेयरहाउस की सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। किसी बाहरी या अनधिकृत व्यक्ति को परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाए। प्रवेश और निकास पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश भी दिया गया।
उन्होंने सुरक्षा कर्मियों से ईवीएम और वीवीपैट की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी सतर्कता और गंभीरता के साथ ड्यूटी करने को कहा।

















