


नवगछिया। गलती से दूसरे बैंक खाते में एक लाख रुपये ट्रांसफर हो जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पकरा निवासी कुंदन कुमार ने नवगछिया साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है।
आवेदन में कुंदन कुमार ने बताया कि उनका खाता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, नवगछिया शाखा में है। ऑनलाइन लेनदेन के दौरान गलती से एक लाख रुपये फेडरल बैंक, पटना शाखा के एक अन्य खाते में ट्रांसफर हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने बैंक से संपर्क किया, लेकिन राशि वापस नहीं मिलने पर साइबर थाना पहुंचकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई। उन्होंने संबंधित खाते से राशि वापस कराने की मांग की है।
साइबर थाना पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि तकनीकी प्रक्रिया के माध्यम से राशि वापस कराने का प्रयास किया जाएगा।















