


रक्तदान से कवि सम्मेलन तक होगा आयोजन
भागलपुर। महात्मा गांधी आगमन शताब्दी समारोह को केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों और जनभागीदारी का राष्ट्रीय अभियान बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसी कड़ी में गांधी शांति प्रतिष्ठान केंद्र में आयोजित महा बैठक में समारोह की रूपरेखा को अंतिम रूप देते हुए विभिन्न समितियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
गांधी शांति प्रतिष्ठान केंद्र के अध्यक्ष प्रकाश चंद्र गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक का संचालन समारोह समिति के संयोजक प्रसून लतांत ने किया। स्वागत संजय कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन महबूब आलम ने दिया।
बैठक में जानकारी दी गई कि तीन दिवसीय राष्ट्रीय समारोह में देशभर के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के प्राध्यापक, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवक, जेपी आंदोलन से जुड़े सेनानी, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
समारोह को ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए इसके विभिन्न सत्र स्वतंत्रता सेनानी दीप नारायण सिंह, बोध नारायण मिश्र, शुभकरण चूड़ीवाला, सियाराम सिंह, सतीश चंद्र झा, महेंद्र गोप और मजहरूल हक की स्मृति को समर्पित करने का निर्णय लिया गया। वहीं सैयद शाह फखरे आलम हसन, रामरतन चूड़ीवाला और ई. अंशु सिंह को स्वागत समिति का उपाध्यक्ष तथा समाजसेवी अशोक आलोक को महासचिव मनोनीत किया गया। तकी अहमद जावेद, संजय कुमार और सत्यनारायण मंडल को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में यह भी तय हुआ कि समारोह के अवसर पर एक विशेष स्मारिका प्रकाशित की जाएगी। इसके संपादन और प्रकाशन का दायित्व डॉ. मनोज कुमार के निर्देशन में उमेश नीरज, डॉ. सुधीर मंडल और प्रसून लतांत निभाएंगे।
तीन दिवसीय आयोजन में उद्घाटन सत्र के अलावा किसान सम्मेलन, सद्भावना यात्रा, महिला शक्ति संकल्प सम्मेलन, राष्ट्रीय कवि सम्मेलन, रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, संगीत संध्या तथा महिलाओं की समस्याओं पर केंद्रित नाटक का मंचन जैसे विविध कार्यक्रम होंगे। इसके साथ ही प्रसिद्ध राजकमल प्रकाशन द्वारा विराट पुस्तक मेले के आयोजन की तैयारी पर भी विचार किया गया।
बैठक में समारोह के बजट, वित्तीय संसाधनों की व्यवस्था, बाहर से आने वाले अतिथियों के ठहरने तथा विभिन्न कार्यक्रमों के संचालन की जिम्मेदारियां कार्यकर्ताओं के बीच बांटी गईं।
इस अवसर पर डॉ. मनोज कुमार, प्रो. विजय कुमार, जिनी हामिदी, अरविंद कुमार रामा, इंजीनियर अमन कुमार सिन्हा, डॉ. सुनील अग्रवाल, एनुल हुदा, मिंटू कलाकार, अब्दुल करीम अंसारी, अनीता शर्मा, मृदुला सिंह, उषा सिन्हा, डॉ. उमेश प्रसाद नीरज, बासुदेव भाई, वर्षा विक्रम, संतोष कुमार, सच्चिदानंद किरण, डॉ. जयंत जलद, दीपक कुमार, पूनम श्रीवास्तव, वकील प्रसाद सिंह, अभय कुमार भारती सहित अनेक वक्ताओं ने समारोह को सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
















