


पूर्णिया।पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित बिहार सरकार के विस्तारित मंत्रिमंडल शपथ ग्रहण समारोह को लेकर पूर्णिया विधायक विजय खेमका ने इसे राज्य की राजनीति के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया है। विधायक जनसंपर्क कार्यालय, पूर्णिया से जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया और यह समारोह विकसित बिहार के संकल्प का प्रतीक बन गया।

उन्होंने कहा कि लाखों कार्यकर्ताओं एवं बिहारवासियों की उपस्थिति में आयोजित यह शपथ ग्रहण समारोह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की ऐतिहासिक विजय और राज्य के उज्ज्वल भविष्य का संदेश देता है। विधायक खेमका ने समारोह का साक्षी बनने को गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए मंत्रिमंडल में शामिल सभी मंत्रियों को पूर्णिया एवं सीमांचल की जनता की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
विधायक ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में नया मंत्रिमंडल पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा किए गए विकास कार्यों को आगे बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार विकसित, आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बिहार के निर्माण के संकल्प के साथ कार्य करेगी।

प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि नई सरकार से प्रदेश में विकास योजनाओं को गति मिलेगी तथा सीमांचल सहित पूरे बिहार में आधारभूत संरचना, रोजगार एवं जनकल्याण योजनाओं को मजबूती मिलेगी।















