


पूर्णिया : बिहार में एनडीए सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद पूर्णिया सहित पूरे सीमांचल क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। इस अवसर पर सुप्रसिद्ध सर्जन एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा तथा नई मंत्रिपरिषद को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

डॉ. गुप्ता ने पूर्णिया को 50 नई एसी ई-बसों की सौगात मिलने तथा क्षेत्र के दो वरिष्ठ नेताओं को मंत्रिमंडल में स्थान दिए जाने को सीमांचल के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि कैबिनेट में दिलीप जायसवाल और लेशी सिंह का शामिल होना पूरे क्षेत्र के सम्मान और विकास की नई शुरुआत है।
उन्होंने दिलीप जायसवाल के राजनीतिक जीवन की सराहना करते हुए कहा कि उनका मंत्री बनना लंबे समय के जमीनी संघर्ष का परिणाम है। भाजपा संगठन में प्रदेश अध्यक्ष एवं कोषाध्यक्ष के रूप में उनकी सक्रिय भूमिका तथा विधान परिषद सदस्य रहते हुए क्षेत्रीय मुद्दों को मजबूती से उठाने की प्रतिबद्धता सराहनीय रही है। डॉ. गुप्ता ने विश्वास जताया कि उनके प्रशासनिक अनुभव से सीमांचल के विकास कार्यों को गति मिलेगी।

वहीं धमदाहा विधायक लेशी सिंह के लगातार आठवीं बार मंत्री बनने पर उन्होंने कहा कि उनका संघर्षपूर्ण जीवन सीमांचल की महिलाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि जनता का लगातार समर्थन उनके नेतृत्व क्षमता और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रमाण है।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि नई कैबिनेट में अनुभव और युवा ऊर्जा का संतुलन दिखाई देता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मंत्रिमंडल में शामिल नेताओं के नेतृत्व में स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि पूर्णिया को मिली 50 एसी ई-बसों की सौगात से शहर की परिवहन व्यवस्था आधुनिक बनेगी और आम लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी। अंत में उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई सरकार ‘डबल इंजन’ की गति से बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।















