


नवगछिया। नवगछिया अनुमंडल के रंगरा थाना क्षेत्र में सोमवार को गंगा नदी में नहाने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान उसरहिया गांव निवासी अमित राम उर्फ कर्ण कुमार (33), पिता उमेश हरिजन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अमित राम गंगा नदी में स्नान करने गए थे। इसी दौरान वे अनजाने में गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
बताया जाता है कि आसपास मौजूद लोगों ने शोर सुनकर तत्काल उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। स्थानीय लोगों की मदद से युवक को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
घटना की सूचना मिलते ही रंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
















