


आठवीं के छात्र की मौत से गांव में मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
नवगछिया के गोपालपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय किशोर की पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

मृतक की पहचान धनीराम के पुत्र शिव कुमार के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि शिव कुमार घर के समीप स्थित गंगा प्रसाद धार के पास गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।
आसपास मौजूद लोगों ने किशोर को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। स्थानीय लोगों द्वारा उसे पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना के अपर थानाध्यक्ष अक्षय पराशर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया।
बताया गया कि शिव कुमार आठवीं कक्षा का छात्र था और दो भाइयों में सबसे छोटा था। बेटे की मौत के बाद मां सीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के अन्य सदस्यों का भी दुख से बुरा हाल बना हुआ है।

घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और स्थानीय लोग परिजनों को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।















