5
(2)

शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक समस्याओं के त्वरित समाधान की पहल, विद्यार्थियों को ‘सहयोग पोर्टल’ की दी गई जानकारी

नवगछिया। बिहार सरकार की पहल के अंतर्गत मंगलवार, 25 अगस्त 2026 को जी.बी. कॉलेज, नवगछिया में ‘एकता, समानता, जीवन आसान’ की भावना को केंद्र में रखते हुए विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक समस्याओं और सुझावों के त्वरित समाधान के लिए ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) सत्येन्द्र कुमार ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान उच्च शिक्षा व्यवस्था को अधिक विद्यार्थी-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि किसी भी छात्र-छात्रा को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक कठिनाई न हो, इसके लिए महाविद्यालय स्तर पर हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

शिविर के नोडल ऑफिसर डॉ. सुनील कुमार ने विद्यार्थियों को ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी अपनी शैक्षणिक, छात्रावास संबंधी अथवा अन्य समस्याओं एवं सुझावों को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भी दर्ज करा सकते हैं। दर्ज शिकायतों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत 30 दिनों के भीतर निस्तारण कर आवेदक को सूचित किए जाने की व्यवस्था है। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिकाधिक संख्या में इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम में भूमि सुधार उप समाहर्ता, नवगछिया श्री शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि छात्रों की समस्याओं का त्वरित निष्पादन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चाहे छात्रवृत्ति से संबंधित समस्या हो या छात्रावास से जुड़ी परेशानी, विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

शिविर के दौरान विद्यार्थियों को उनकी समस्याओं के समाधान के साथ-साथ उपलब्ध सुविधाओं और शिकायत निवारण की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं एवं सुझाव साझा किए। अधिकारियों एवं महाविद्यालय प्रशासन की ओर से उनके समाधान के लिए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया गया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक डॉ. मो. मोसर्रत हुसैन, डॉ. अर्शदुजमा, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. नील कमल, डॉ. चंदा कुमारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

महाविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं एवं सुझावों को उचित माध्यम से दर्ज कराएं और ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ का अधिकाधिक लाभ उठाएं। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों के लिए अधिक सुगम, पारदर्शी, संवेदनशील एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन डॉ. फिरोज अहमद ने किया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: