


विद्यार्थियों ने साहसिक, रचनात्मक और मनोरंजक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
पूर्णिया । जी. डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, पूर्णिया में आयोजित समर कैंप 2026 का दूसरा दिन उत्साह, ऊर्जा और रचनात्मक गतिविधियों के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। विद्यालय के ओपेरा हाउस परिसर में आयोजित कैंप में विद्यार्थियों ने पूरे जोश और आत्मविश्वास के साथ विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया।
विद्यालय परिसर बच्चों की मुस्कान, उत्सुकता और रचनात्मकता से सराबोर नजर आया। समर कैंप का उद्देश्य ग्रीष्मावकाश के दौरान विद्यार्थियों को मनोरंजन के साथ-साथ शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और रचनात्मक विकास का अवसर प्रदान करना है। दूसरे दिन आयोजित गतिविधियों ने बच्चों को सीखने, आनंद लेने और नए अनुभव प्राप्त करने का अवसर दिया।
कैंप में आर्ट एंड क्राफ्ट, मिट्टी के बर्तन निर्माण कला, जिप लाइन, कमांडो क्रॉलिंग, रोलर ग्राउंड, रोलर वाटर एक्टिविटी, ट्रैम्पोलिन, रनिंग बंजी और कमांडो ब्रिज जैसी रोमांचक गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहीं। विद्यार्थियों ने टीम भावना और उत्साह के साथ इन गतिविधियों में भाग लेते हुए अपने साहस और आत्मविश्वास का परिचय दिया।
विद्यालय प्रशासन की ओर से बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा गया। सभी गतिविधियां प्रशिक्षित विशेषज्ञों और शिक्षकों की निगरानी में संचालित की गईं। साथ ही विद्यार्थियों के लिए पौष्टिक एवं स्वच्छ नाश्ते तथा दोपहर के भोजन की भी समुचित व्यवस्था की गई, जिससे वे पूरे दिन ऊर्जावान बने रहें।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को अनुशासन, सहयोग, नेतृत्व क्षमता और टीमवर्क के महत्व की जानकारी दी गई। शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों ने उन्हें सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा नई चुनौतियों को आत्मविश्वास के साथ स्वीकार करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं, आधुनिक सुविधाओं और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण ने समर कैंप को और अधिक आकर्षक बना दिया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि जी. डी. गोयनका पब्लिक स्कूल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर ऐसे रचनात्मक और ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित करता रहा है।
समर कैंप के आयोजन की अभिभावकों ने भी सराहना करते हुए इसे बच्चों के व्यक्तित्व विकास के लिए लाभकारी बताया। विद्यालय परिवार ने आगामी दिनों में और भी रोचक, ज्ञानवर्धक एवं मनोरंजक गतिविधियों के आयोजन की जानकारी साझा करते हुए विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।













