5
(1)

नेपाल के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. राम बरन यादव ने काठमांडू में किया सम्मानित

पूर्णिया । पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को सामाजिक सेवा, मानवता के प्रति समर्पण और शांति स्थापना के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित ‘पीस हीरो अवार्ड 2026’ से सम्मानित किया गया है। नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित एक भव्य समारोह में नेपाल के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. राम बरन यादव ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।

यह पुरस्कार ग्लोबल हिमालिया फाउंडेशन द्वारा विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में दिया गया। इस वर्ष भारत से सांसद पप्पू यादव एकमात्र व्यक्ति रहे, जिन्हें इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मान के लिए चयनित किया गया।

समारोह में वक्ताओं ने कहा कि पप्पू यादव ने लंबे समय से समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए निरंतर कार्य किया है। प्राकृतिक आपदाओं, महामारी और अन्य संकटों के दौरान उनकी सक्रिय भूमिका तथा मानवता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाई है। इसी सामाजिक योगदान और जनसेवा की भावना को देखते हुए ग्लोबल हिमालिया फाउंडेशन ने उन्हें ‘पीस हीरो अवार्ड 2026’ से सम्मानित किया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद सांसद पप्पू यादव ने कहा कि यह पुरस्कार केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि बिहार, सीमांचल और भारत के उन करोड़ों लोगों का सम्मान है, जिनके बीच रहकर उन्होंने सेवा और संघर्ष का मार्ग चुना है। उन्होंने कहा कि मानवता की सेवा ही उनके जीवन का सबसे बड़ा उद्देश्य है और समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय, सम्मान और सहायता पहुंचाने का उनका प्रयास आगे भी जारी रहेगा।

उन्होंने ग्लोबल हिमालिया फाउंडेशन और नेपाल के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. राम बरन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें और अधिक जिम्मेदारी के साथ जनसेवा के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि सीमाओं से ऊपर उठकर शांति, भाईचारे और मानवीय मूल्यों को मजबूत करना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

पप्पू यादव ने विश्वास व्यक्त किया कि दक्षिण एशियाई देशों के बीच सहयोग, संवाद और मानवीय संवेदनाओं को बढ़ावा देकर क्षेत्र में स्थायी शांति और विकास का मार्ग प्रशस्त किया जा सकता है। समारोह में भारत और नेपाल के प्रतिनिधियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके सामाजिक कार्यों की सराहना की।

इस सम्मान के बाद सीमांचल और पूर्णिया क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। समर्थकों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: