


चार सदस्य निर्विरोध चुने गए, तीन सीटों पर मतदान के बाद परिणाम घोषित
पूर्णिया। नगर निगम पूर्णिया की सशक्त स्थायी समिति के गठन को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। नगर विकास एवं आवास विभाग के निर्देशानुसार आयोजित इस चुनाव में नगर निगम के 45 वार्ड पार्षदों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वार्ड संख्या-5 की पार्षद निर्जला देवी मतदान में शामिल नहीं हो सकीं।
सहायक निर्वाची पदाधिकारी सुजय कुमार सिंह की देखरेख में हुई चुनाव प्रक्रिया में सात सदस्यीय समिति के लिए चार सदस्यों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ, जबकि तीन पदों के लिए मतदान कराया गया। चुनाव परिणाम में पूर्व से समिति में शामिल सभी सात सदस्य एक बार फिर अपना स्थान सुरक्षित रखने में सफल रहे।
निर्विरोध निर्वाचित होने वाले सदस्यों में आशा महतो, मुर्शीदा खातून, कमली देवी एवं प्रदीप जायसवाल शामिल रहे। वहीं मतदान के जरिए हुए चुनाव में स्वपन घोष ने 23 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। उनके प्रतिद्वंद्वी रविशंकर कुशवाहा को 21 मत मिले, जबकि एक मत अवैध घोषित किया गया।
दूसरे पद के लिए हुए मुकाबले में कुमारी खुशबू को 21 मत प्राप्त हुए। उनके प्रतिद्वंद्वी राजीव रंजन सहाय को 7 तथा कल्याणी राय को 15 मत मिले। इस चुनाव में दो मत अवैध पाए गए। तीसरे पद के लिए हुए मतदान में ममता सिंह ने 33 मत प्राप्त कर शानदार जीत दर्ज की, जबकि अर्जुन सिंह को 11 मत मिले। एक मत अवैध घोषित किया गया।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद मुख्य निर्वाची पदाधिकारी सुजय कुमार सिंह ने सभी निर्वाचित सदस्यों को प्रमाण-पत्र प्रदान किया। इसके बाद नगर निगम सभाकक्ष में आयोजित स्वागत समारोह में महापौर विभा कुमारी एवं नगर आयुक्त श्रीकुमार मंगलम ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों का पुष्पगुच्छ एवं माला पहनाकर अभिनंदन किया।
इस अवसर पर महापौर विभा कुमारी ने कहा कि सशक्त स्थायी समिति नगर निगम की सबसे महत्वपूर्ण समितियों में से एक है और नगर विकास से जुड़े कई अहम निर्णयों में इसकी प्रमुख भूमिका होती है। उन्होंने निर्वाचित एवं निर्विरोध चुने गए सभी सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि लोकतंत्र में चुनाव एक स्वाभाविक प्रक्रिया है, जहां जीत और हार दोनों को सकारात्मक रूप से स्वीकार करना चाहिए।
महापौर ने कहा कि यह जीत नगर निगम में चल रहे विकास कार्यों और वार्ड पार्षदों की एकजुटता की जीत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नवगठित समिति शहर के विकास, जनसुविधाओं के विस्तार और नगर प्रशासन को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में बेहतर कार्य करेगी।
वहीं नवनिर्वाचित सदस्यों ने कहा कि वे शहर की साफ-सफाई, जलनिकासी, पेयजल आपूर्ति, सड़क निर्माण तथा नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने कहा कि पार्षदों ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरना उनकी पहली जिम्मेदारी होगी। नगर निगम की योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू कर पूर्णिया को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।
चुनाव परिणाम आने के बाद पार्षदों और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा गया। सभी ने एक-दूसरे को फूल-माला पहनाकर शुभकामनाएं दीं और जीत की खुशी साझा की।













