0
(0)



शौचालय में जली अवस्था में मिला शव, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

नवगछिया पुलिस जिला के भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सतियारा वार्ड संख्या-2 में घरेलू कलह से परेशान एक महिला ने आग लगाकर अपनी जान दे दी। घटना सोमवार की आधी रात की बताई जा रही है। मंगलवार सुबह महिला का शव घर के आंगन में बने शौचालय में पूरी तरह जली अवस्था में बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।


मृतका की पहचान सतियारा वार्ड संख्या-2 निवासी मुकेश मंडल की 37 वर्षीय पत्नी समता कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला चार बच्चों की मां थी। घटना की सूचना मिलते ही भवानीपुर थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से विभिन्न नमूने एकत्रित किए।

मिली जानकारी के अनुसार मृतका के पति मुकेश मंडल बेंगलुरु में रहकर मजदूरी करते हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद वह घर के लिए रवाना हो गए। बताया गया कि समता कुमारी की शादी करीब 20 वर्ष पूर्व हुई थी। परिवार में दो पुत्री और दो पुत्र हैं। बड़ी पुत्री इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रही है, जबकि अन्य तीन बच्चे निजी विद्यालय में अध्ययनरत हैं।


परिजनों के अनुसार सोमवार रात करीब 10 बजे महिला ने बच्चों को खाना खिलाने के बाद उन्हें सुला दिया था। मंगलवार तड़के करीब तीन बजे बच्चों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद मायके पक्ष को सूचना दी गई। घटना के बाद मंगलवार सुबह मृतका के घर पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। पूरे इलाके में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।

मृतका के भाई ने बताया कि सुबह घटना की सूचना मिलने के बाद वे लोग मौके पर पहुंचे। वहीं भवानीपुर थानाध्यक्ष पुनि शंभु कुमार ने बताया कि आग से झुलसकर एक महिला की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: