


नवगछिया के गोपालपुर प्रखंड क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सक्रियता दिखानी शुरू कर दी है। मंगलवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) निशांत कुमार ने सैदपुर–सुकटिया सड़क स्थित बलमत्तर तटबंध का निरीक्षण किया और उसकी वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान प्रमुख प्रतिनिधि निकेत बिहारी समेत कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

ज्ञात हो कि पिछले वर्ष आई भीषण बाढ़ के दौरान बलमत्तर तटबंध कई जगहों पर क्षतिग्रस्त हो गया था। तटबंध के कमजोर होने के कारण आसपास के गांवों में जलभराव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई थी, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ निशांत कुमार ने तटबंध के कमजोर हिस्सों को देखा और अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रखंड प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग करते हुए तटबंध की मरम्मत कार्य को जल्द शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि आगामी मानसून में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
वहीं प्रमुख प्रतिनिधि निकेत बिहारी ने तटबंध की जर्जर स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं की गई, तो आने वाले बरसात के मौसम में गोपालपुर प्रखंड मुख्यालय के साथ-साथ रंगरा क्षेत्र के भी बाढ़ से प्रभावित होने की आशंका बढ़ जाएगी।
निरीक्षण के दौरान तकनीकी पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। मौके पर मौजूद प्रखंड के जूनियर इंजीनियर सत्यवीर कुमार और अर्पित झा ने तटबंध के कमजोर और संवेदनशील हिस्सों की जानकारी अधिकारियों को दी।
इस अवसर पर जदयू 20 सूत्री अध्यक्ष साकेत बिहारी, ग्रामीण मुकेश सिंह, मुरारी सिंह सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में तटबंध की शीघ्र मरम्मत की मांग की, ताकि संभावित बाढ़ से क्षेत्र को सुरक्षित रखा जा सके।
















