


नवगछिया के गोपालपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में शुक्रवार दोपहर संभावित बाढ़ की तैयारियों को लेकर प्रखंड स्तरीय अनुश्रवण सह निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख रागिनी देवी ने की, जबकि संचालन अंचलाधिकारी रोशन कुमार द्वारा किया गया। बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी निशांत कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैठक में आगामी मानसून को देखते हुए संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव कार्यों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पूर्व तैयारी, तटबंधों की स्थिति, राहत सामग्री की उपलब्धता तथा आपदा के समय त्वरित कार्रवाई को लेकर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने सुझाव दिए।
प्रमुख प्रतिनिधि निकेत बिहारी ने कहा कि बहोत्तर तटबंध की मरम्मत बरसात शुरू होने से पहले कराना अत्यंत जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते तटबंध की मरम्मत नहीं हुई तो प्रखंड मुख्यालय सहित कई गांव बाढ़ की चपेट में आ सकते हैं।

वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी निशांत कुमार ने कहा कि संभावित बाढ़ जैसी आपदा से प्रभावी तरीके से निपटने के लिए सभी विभागों एवं जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने की आवश्यकता है।
बैठक में जिला परिषद प्रतिनिधि इंद्रजीत कुमार उर्फ भिक्कू, मुखिया अजय चौधरी, नगीना पासवान, अमित चौधरी उर्फ धप्पू समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
















