


नवगछिया। रेल मंत्रालय ने कटिहार से भागलपुर के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने की मंजूरी दे दी है। इस निर्णय से नवगछिया सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से इस रेल सेवा की मांग की जा रही थी, जिसे अब स्वीकृति मिल गई है।
जानकारी के अनुसार कटिहार-भागलपुर स्पेशल ट्रेन का परिचालन शनिवार से 6 जून तक किया जाएगा। ट्रेन सुबह 7 बजे भागलपुर से खुलेगी और करीब 11:06 बजे नवगछिया पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन कटिहार की ओर रवाना होगी। वहीं वापसी में ट्रेन दोपहर 2:10 बजे कटिहार से खुलेगी और लगभग 3:23 बजे नवगछिया पहुंचेगी, जिसके बाद भागलपुर जाएगी।

इस ट्रेन के परिचालन से दैनिक यात्रियों, छात्रों, व्यवसायियों और मरीजों को काफी सुविधा मिलेगी। स्थानीय लोगों ने रेल मंत्रालय के इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे नवगछिया क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया है।
बताया गया कि इसको लेकर भागलपुर सांसद अजय मंडल, खगड़िया सांसद राजेश वर्मा एवं रेलवे सलाहकार समिति सदस्य मुकेश राणा द्वारा लगातार रेल मंत्रालय से मांग की जा रही थी। मंजूरी मिलने के बाद क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है।
















