


नवगछिया । अनुमंडल पदाधिकारी रोहित कर्दम ने शुक्रवार को इस्माईलपुर-बिंदटोली तटबंध के स्पर संख्या-9 पर जल संसाधन विभाग द्वारा कराए जा रहे कटाव निरोधी कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अभियंताओं को कार्य में तेजी लाने एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में एसडीओ ने तटबंध से सटे तिनटंगा करारी घाट का भी जायजा लिया, जहां तिनटंगा करारी-कहलगांव घाट के बीच मालवाहक जहाज परिचालन शुरू किए जाने को लेकर स्थल निरीक्षण किया गया। बताया जा रहा है कि रविवार से इसका रोड मैप तैयार कर उद्घाटन के बाद परिचालन शुरू होने की संभावना है।

मौके पर अंचलाधिकारी रोशन कुमार, शार्क शिपिंग मालवाहक जहाज के संचालक जिया खान, अरशद रजा एवं तनवीर सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
शार्क शिपिंग के निदेशक अरशद रजा ने बताया कि Bhagalpur District Administration द्वारा सुबह 5 बजे से शाम 5 बजे तक नाव परिचालन की अनुमति दी गई है। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस सेवा निशुल्क रहेगी, जबकि अन्य वाहनों के लिए किराया निर्धारित कर दिया गया है।















