0
(0)



नवगछिया के बाल भारती विद्यालय में समर कैंप के तीसरे दिन भव्य आयोजन

नवगछिया। नवगछिया के बाल भारती विद्यालय में आयोजित पांच दिवसीय समर कैंप के तीसरे दिन शुक्रवार को बच्चों और छात्राओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। विद्यालय परिसर पूरे दिन हंसी, ऊर्जा और रचनात्मक गतिविधियों से गुलजार रहा। कैंप के दौरान डांस, शूटिंग,  एरोबिक्स, योग, प्रार्थना एवं विभिन्न टीम एक्टिविटी का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने पूरे आत्मविश्वास और उत्साह के साथ भाग लिया।


समर कैंप का उद्देश्य बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को मंच देना, उनमें आत्मविश्वास विकसित करना तथा पढ़ाई के साथ-साथ रचनात्मक एवं शारीरिक गतिविधियों के प्रति रुचि बढ़ाना है। कैंप में छोटे बच्चों से लेकर जूनियर वर्ग तक के विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

तीसरे दिन आयोजित रेन  डांस एवं एरोबिक्स गतिविधि बच्चों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी रही। संगीत की धुन पर बच्चों ने शानदार प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। वहीं शूटिंग  गतिविधि में बच्चों ने संतुलन, एकाग्रता और अनुशासन का परिचय दिया। योग एवं प्रार्थना सत्र के माध्यम से बच्चों को मानसिक एकाग्रता, स्वास्थ्य और अनुशासन का महत्व बताया गया।

विद्यालय प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष अजय रूंगटा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानना और उसे सही दिशा देना बेहद जरूरी है।



विद्यालय के सचिव अभय प्रकाश मुनका ने कहा कि समर कैंप बच्चों को पढ़ाई के तनाव से अलग एक नया अनुभव प्रदान करता है। इससे बच्चों की रचनात्मक सोच विकसित होती है और वे नई चीजें सीखने के लिए प्रेरित होते हैं।

सह सचिव प्रवीण केजरीवाल ने कहा कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं होनी चाहिए। खेल, कला, नृत्य एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं।

विद्यालय के प्राचार्य नवनीत सिंह ने बताया कि समर कैंप के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता एवं रचनात्मक सोच विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं प्रशासक डी.पी. सिंह ने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते हैं।

बाल भारती पोस्ट ऑफिस रोड के प्राचार्य कौशल किशोर जायसवाल ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि समर कैंप नई प्रतिभाओं को मंच देने का बेहतरीन माध्यम है।



कार्यक्रम का संचालन निखिल चिरानिया ने किया। वहीं कार्यक्रम को सफल बनाने में निभाष मोदी, विकास पांडे, पुरुषोत्तम कुमार, सरवन सोनी, गुड्डू, सुमित्रा पंडित सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

समर कैंप में बच्चों की सक्रिय भागीदारी और उत्साह को देखकर अभिभावकों में भी खुशी का माहौल देखा गया। विद्यालय प्रबंधन ने आने वाले दिनों में भी कई रोचक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों के आयोजन की जानकारी दी है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: