0
(0)



नवगछिया। नवगछिया पुलिस जिला में शुक्रवार को नए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के रूप में अनिकेत अमर ने पदभार ग्रहण किया। एसडीपीओ कार्यालय पहुंचने पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों ने उनका स्वागत किया। पदभार संभालते ही नए एसडीपीओ एक्शन मोड में नजर आए और अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, अपराध की प्रवृत्ति तथा कानून व्यवस्था की जानकारी ली।



पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में एसडीपीओ अनिकेत अमर ने कहा कि नवगछिया सीमावर्ती और संवेदनशील क्षेत्र है। यहां अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल प्राथमिकी दर्ज करना नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान कर अपराधियों तक पहुंचना और उन्हें सजा दिलाना भी है। इसके लिए सभी थाना क्षेत्रों में पुलिसिंग को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को सक्रिय होकर कार्य करने तथा लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया।

नए एसडीपीओ ने कहा कि क्षेत्र में शराब तस्करी, साइबर अपराध, लूट एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी। सीमावर्ती इलाकों में पुलिस की निगरानी बढ़ाकर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।



पुलिस-पब्लिक समन्वय को लेकर भी उन्होंने विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आम लोगों के सहयोग के बिना अपराध नियंत्रण संभव नहीं है। जनता और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर लोगों में विश्वास कायम किया जाएगा, ताकि लोग बिना भय अपनी समस्याएं पुलिस तक पहुंचा सकें।



बैठक के दौरान उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को टीम भावना के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना पुलिस की जिम्मेदारी है और इसके लिए हर स्तर पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। नए एसडीपीओ के पदभार ग्रहण करने के बाद पुलिस महकमे में भी नई ऊर्जा देखने को मिल रही है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: