


पूर्णिया। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से ‘ग्रीन पूर्णिया’ के सदस्यों द्वारा रविवार सुबह एक सराहनीय पहल की गई। नियमित स्वच्छता जागरूकता अभियान के तहत प्रातः 7:00 बजे रामबाग गली नंबर 6 स्थित सार्वजनिक दुर्गा मंदिर परिसर में सामूहिक सफाई अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान मंदिर परिसर की साफ-सफाई कर उसे स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाया गया। इस कार्य में मंदिर कमेटी के सदस्यों के साथ-साथ स्थानीय लोगों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। उपस्थित लोगों ने डॉ. अनिल कुमार गुप्ता के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
ग्रीन पूर्णिया के सदस्य हर रविवार को शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर स्वच्छता अभियान चलाते हैं और लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करते हैं। अभियान का उद्देश्य शहरवासियों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है, ताकि पूर्णिया एक स्वच्छ और सुंदर शहर के रूप में पहचाना जाए।
इस अवसर पर डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि जिस तरह लोग अपने घरों को साफ रखते हैं, उसी प्रकार सप्ताह में एक दिन सार्वजनिक स्थलों पर श्रमदान कर समाज को स्वच्छ बनाने में योगदान देना चाहिए।
इस पुनीत कार्य में प्रो. दिनानाथ यादव, एस. के. सरोज, बिनेश कुमार, धीरेंद्र प्रसाद सिंह, बसंत विश्वास, मनोज सिंह, डॉ. अनिल कुमार गुप्ता, रवींद्र कुमार साह, गौतम भौमिक, आलोक लोहिया, लता झा एवं संजय कुमार सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
















