
चार अक्टूबर को हुई थी मारपीट, इलाज के दौरान दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में तोड़ा दम; शव पहुंचते ही गांव में पसरा मातम
नवगछिया। रंगरा प्रखंड के सधुआ गांव निवासी स्वर्गीय कैलाश साह के पुत्र श्रीकेश कुमार का शव गुरुवार की शाम गांव पहुंचा। श्रीकेश कुमार गुरुग्राम के सेक्टर-68 स्थित क्लासिक सिविल इंजीनियर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में मजदूरी करते थे। चार अक्टूबर को हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उनका दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

बताया गया कि श्रीकेश कुमार अपने भाइयों के साथ गुरुग्राम में रहकर कंपनी में काम करते थे। आरोप है कि चार अक्टूबर को ठेकेदार जितेंद्र और मिस्त्री संदीप वहां पहुंचे और दोनों भाइयों के साथ गाली-गलौज करने लगे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप के अनुसार जितेंद्र ने लोहे की पाइप से श्रीकेश के सिर पर वार कर दिया, जबकि संदीप ने हॉकी स्टिक से श्रीकेश और उनके भाई अभिनव के साथ मारपीट की।
मारपीट में श्रीकेश गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। इलाज के दौरान दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजन शव लेकर गुरुवार की शाम सधुआ गांव पहुंचे।
बताया गया कि श्रीकेश कुमार पिछले करीब 15 वर्षों से उक्त कंपनी में काम कर रहे थे। उनके भाई अभिनव कुमार और राजीव साह भी उसी कंपनी में कार्यरत हैं। वहीं दिल्ली में ही दूसरी कंपनियों में मुन्ना साह, गोपाल साह और मुरारी साह काम करते हैं।

श्रीकेश के भाई अभिनव कुमार ने बताया कि उनके पिता कैलाश साह की करीब छह माह पूर्व बीमारी के कारण मौत हो गई थी। पिता के अंतिम संस्कार के बाद परिवार के सदस्य दोबारा दिल्ली जाकर मजदूरी करने लगे थे। इसी दौरान चार अक्टूबर को मारपीट की घटना हुई, जिसमें श्रीकेश गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
श्रीकेश कुमार की शादी बांका जिले के बौंसी निवासी निशा देवी के साथ हुई थी। उनके दो बच्चे हैं। पांच वर्षीय पुत्र रोहन कुमार और तीन वर्षीय पुत्री एकांशी कुमारी हैं। बताया गया कि पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच अनबन चल रही थी और निशा देवी दोनों बच्चों के साथ अपने मायके में रह रही हैं।
श्रीकेश का शव गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। गांव में भी शोक का माहौल रहा। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी मिलने के बाद मामले में दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।















