
तुलसीपुर निवासी गोपाल ठाकुर को खरीक पुलिस ने पकड़ा, मामले में एक आरोपित पहले ही भेजा जा चुका है जेल
नवगछिया। खरीक थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर मारपीट के मामले में पुलिस ने एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान तुलसीपुर निवासी गोपाल ठाकुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में एक अन्य आरोपित को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।

मिली जानकारी के अनुसार, बीते सात जुलाई को अमित आनंद ठाकुर ने खरीक थाना में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदन में उन्होंने आरोप लगाया था कि जमीन विवाद को लेकर तुलसीपुर गांव में उनके पड़ोसी गोपाल ठाकुर और अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट की, जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। शिकायत के आधार पर खरीक थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मामले के अनुसंधान के दौरान पुलिस ने पहले एक आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। वहीं, अन्य वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसी क्रम में पुलिस ने मामले में नामजद आरोपित गोपाल ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।














