
विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाया गया विशेष अभियान, न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंट के आधार पर हुई कार्रवाई
नवगछिया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नवगछिया पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए आठ वारंटियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई न्यायालय से जारी गिरफ्तारी वारंट के आधार पर की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भवानीपुर थाना क्षेत्र के भ्रमरपुर निवासी चंद्रशेखर झा को नवगछिया स्थित न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंट के आधार पर गिरफ्तार किया गया। वहीं, बिहपुर थाना क्षेत्र के लत्तीपुर निवासी पप्पू यादव को एसडीजेएम न्यायालय के जीआर संख्या 439/17 से संबंधित वारंट पर पकड़ा गया।
नवगछिया थाना क्षेत्र के नयाटोला, वार्ड संख्या आठ निवासी प्रहलाद पोद्दार और विजय पोद्दार को एसडीजेएम न्यायालय के सीएन संख्या 94/24 से संबंधित वारंट के आधार पर गिरफ्तार किया गया। इसी थाना क्षेत्र के नवादा निवासी मनोज मंडल और अकलू मंडल को जीआर संख्या 128/08 के वारंट पर गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा पकरा निवासी मुकेश कुमार चौधरी को जीआर संख्या 1236/10 तथा पुनामा प्रतापनगर निवासी भूषण प्रसाद सिंह को जीआर संख्या 1763/14 के तहत जारी गैर-जमानती वारंट के आधार पर गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, विशेष अभियान के दौरान गिरफ्तार किए गए सभी आठों वारंटियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न थाना क्षेत्रों में अभियान लगातार जारी है।















