


नवगछिया क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट की दो अलग-अलग घटनाओं में दंपती समेत कई लोग घायल हो गए। पहली घटना परवत्ता थाना क्षेत्र के राघोपुर गांव की है, जहां पड़ोसी के साथ चल रहे जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में हरिलाल मंडल के पुत्र रंजीत कुमार मंडल और उनकी पत्नी को मारपीट कर घायल कर दिया गया।
घटना के बाद परिजनों ने घायल रंजीत कुमार मंडल को इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि रंजीत कुमार मंडल के साथ पूर्व में भी इसी विवाद को लेकर मारपीट की घटना हो चुकी है, जिसकी प्राथमिकी परवत्ता थाना में पहले से दर्ज है। ताजा घटना को लेकर भी उन्होंने थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।

वहीं दूसरी घटना परवत्ता थाना क्षेत्र के साहू परवत्ता में आपसी विवाद को लेकर हुई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। घायलों में राघोपुर निवासी हीरा ठाकुर, अनिल ठाकुर और राहुल ठाकुर शामिल हैं। सभी घायलों को परिजनों द्वारा अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
पुलिस दोनों मामलों में आवेदन के आधार पर जांच में जुट गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में जमीन विवाद के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है, जिस पर प्रशासन को सख्त कदम उठाने की आवश्यकता है।















