


नवगछिया के झंडापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शेख टोला, झंडापुर में जमीन विवाद को लेकर एक आशा कार्यकर्ता के साथ मारपीट एवं पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना 20 अप्रैल 2026 की संध्या करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है।
पीड़िता बीवी नसरीन खातून, पति मो. इश्तिखार ने झंडापुर थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उन्होंने झंडापुर मौजा स्थित खाता संख्या-171, खसरा-104 की करीब साढ़े तीन धुर जमीन पड़ोसी मो. राजू से कबाला के जरिए खरीदी थी। घटना के दिन वह उक्त जमीन पर सफाई कर रही थीं, तभी आरोपित मो. मनोव्वर आलम उर्फ फुचो (पिता मरहूम रज्जाक) एवं राबिया खातून उर्फ सबली खातून वहां पहुंचे।

आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज करते हुए पीड़िता को जमीन पर पटक दिया और लाठी से मारपीट की। साथ ही थ्रीनट दिखाकर जमीन खाली करने की धमकी दी। घटना की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
पीड़िता ने आवेदन में यह भी बताया है कि उनके पति ईंट-भट्ठा पर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आरोपित मनोव्वर आलम रिश्तेदार होने के बावजूद जबरन जमीन पर कब्जा करना चाहता है और पहले भी मारपीट कर चुका है। पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने उनके एकलौते पुत्र को भागलपुर से उठवा लेने की धमकी भी दी है, जिससे पूरा परिवार भयभीत है।

पीड़िता ने पुलिस से मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच के बाद सख्त कार्रवाई की मांग की है। इधर, झंडापुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है। जांचोपरांत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
















