0
(0)



पूर्णिया : प्रभारी जिला पदाधिकारी-सह-उप विकास आयुक्त अंजनि कुमार की अध्यक्षता में महानंदा सभागार, पूर्णिया में वरीय अधिकारियों एवं विभागीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, किसान पंजीकरण, सहयोग शिविर एवं राजस्व महा अभियान के तहत प्राप्त आवेदनों की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की गई।


बैठक के दौरान प्रभारी जिला पदाधिकारी ने 19 मई 2026 को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर तथा राजस्व महा अभियान के दौरान प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित आवेदनों का शत-प्रतिशत निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में जिला कल्याण पदाधिकारी ने जानकारी दी कि जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग के माध्यम से 18 मई से 25 मई 2026 तक जनजातीय बहुल गांवों में “जनभागीदारी अभियान” चलाया जाएगा।


उन्होंने बताया कि इस अभियान का शुभारंभ 18 मई 2026 को समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में जिला पदाधिकारी द्वारा किया जाएगा। अभियान के तहत पूर्णिया जिले के 31 अनुसूचित जनजाति बहुल गांवों में 19 मई से 25 मई तक विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।

इन शिविरों में विभिन्न सरकारी सेवाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त कर उनका त्वरित निष्पादन किया जाएगा तथा लाभुकों के बीच प्रमाणपत्रों का वितरण भी किया जाएगा। साथ ही मेडिकल कैंप के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।


बैठक में बताया गया कि 21 मई से 25 मई तक पूर्व से चिन्हित सेवा केंद्रों पर जनसुनवाई कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान अनुसूचित जनजाति समुदाय के लोगों से समस्याएं प्राप्त कर उनका त्वरित समाधान कराया जाएगा।

प्रभारी जिला पदाधिकारी अंजनि कुमार ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ सहज एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है।


उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनकल्याणकारी योजनाओं एवं शिविरों में प्राप्त आवेदनों का शत-प्रतिशत निष्पादन तय समय सीमा के भीतर सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में अपर समाहर्ता, राजस्व पदाधिकारी, विधि व्यवस्था पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला लेखागार पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, श्रम अधीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: