


फॉर्मर रजिस्ट्रेशन, सहयोग शिविर एवं जीवन प्रमाणीकरण कार्यों का लगातार हो रहा निरीक्षण
पूर्णिया : जिला पदाधिकारी के निर्देश एवं मार्गदर्शन में जिले में फॉर्मर रजिस्ट्रेशन, सहयोग शिविर, जनगणना 2027 तथा पेंशनधारियों के जीवन प्रमाणीकरण कार्यों की लगातार निगरानी एवं औचक निरीक्षण किया जा रहा है। संबंधित अधिकारियों को कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

इसी क्रम में शनिवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी के. नगर द्वारा क्षेत्र भ्रमण कर जनगणना कार्य का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मौके पर उपस्थित प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों के कार्यों का गहन अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने सभी संबंधित कर्मियों को जनगणना कार्य की गुणवत्ता को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता अथवा उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बीडीओ ने कहा कि जनगणना केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य है। इसकी सफलता सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों की व्यक्तिगत जिम्मेदारी है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जनगणना कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न योजनाओं एवं सर्वेक्षण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग जारी है, ताकि आम लोगों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके और सभी सरकारी कार्य पारदर्शी ढंग से संपन्न हों।
















