


पूर्णिया। जिला पदाधिकारी के दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन में जिले में फॉर्मर रजिस्ट्रेशन, सहयोग शिविर, जनगणना 2027 तथा पेंशनधारियों के जीवन प्रमाणीकरण कार्यों का लगातार पर्यवेक्षण एवं औचक निरीक्षण किया जा रहा है।

इसी क्रम में शनिवार को रुपौली प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) द्वारा क्षेत्र भ्रमण कर जनगणना कार्य का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मौके पर उपस्थित प्रगणक एवं सुपरवाइजर के कार्यों का गहन अवलोकन किया गया।

अवलोकन के दौरान बीडीओ ने सभी संबंधित कर्मियों को जनगणना कार्य की गुणवत्ता को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता अथवा उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने प्रगणक एवं सुपरवाइजर को पूरी निष्ठा एवं समयबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बीडीओ ने कहा कि जनगणना एक राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इसकी सफलता हम सभी पदाधिकारी एवं कर्मियों की व्यक्तिगत जिम्मेदारी है।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने चेतावनी दी कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
















