0
(0)



जिले में सबसे पहले जनगणना कार्य पूरा करने पर कर्मी, प्रगणक और सुपरवाइजर सम्मानित

पूर्णिया : पूर्णिया जिले में जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत चल रहे मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य में नगर पंचायत बायसी ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जिले के सभी 25 जनगणना चार्ज में सबसे पहले जनगणना कार्य पूर्ण करने पर बुधवार को नगर पंचायत बायसी के कर्मियों, प्रगणकों और सुपरवाइजरों को सम्मानित किया गया।


समाहरणालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जिला पदाधिकारी पूर्णिया के निर्देश तथा नोडल पदाधिकारी सह जिला अभिलेखागार पदाधिकारी डॉ. जय शंकर प्रसाद की लगातार मॉनिटरिंग और समीक्षा के कारण यह कार्य समय से पूर्व एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जा सका।

प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित

जनगणना कार्य की सफलता पर आयोजित सम्मान समारोह में नोडल पदाधिकारी डॉ. जय शंकर प्रसाद तथा नगर पंचायत बायसी की कार्यपालक पदाधिकारी शांति कुमारी ने जनगणना कार्य में लगे कर्मियों, प्रगणकों और सुपरवाइजरों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

अपने संबोधन में डॉ. जय शंकर प्रसाद ने कहा कि जनगणना देश के नीति निर्माण और विकास योजनाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने कहा कि सभी कर्मियों ने निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी जिम्मेदारी और मेहनत के साथ कार्य किया है।


उन्होंने बताया कि आने वाले 10 दिनों तक कर्मी अपने-अपने आवंटित क्षेत्र में भ्रमण करते रहेंगे, ताकि यदि इस दौरान कोई नया मकान बनता है तो उसे भी जनगणना में शामिल किया जा सके।

महिला प्रगणकों की भूमिका रही सराहनीय

कार्यक्रम के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी शांति कुमारी ने विशेष रूप से महिला प्रगणकों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि पहले महिलाओं को कई कार्यों में पीछे समझा जाता था, लेकिन वर्तमान समय में महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी क्षमता का परिचय दे रही हैं।

उन्होंने कहा कि नगर पंचायत बायसी में जनगणना कार्य को समय से पहले पूरा करने में महिला प्रगणकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। महिला कर्मियों ने पूरी मेहनत, लगन और जिम्मेदारी के साथ कार्य कर यह साबित कर दिया कि वे किसी भी चुनौतीपूर्ण कार्य को सफलतापूर्वक पूरा कर सकती हैं।


निर्धारित समय से 10 दिन पहले पूरा हुआ कार्य

भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 2 मई से 31 मई तक पूरा करने का निर्देश दिया गया था। लेकिन नगर पंचायत बायसी के कर्मियों ने यह कार्य निर्धारित समय से करीब 10 दिन पहले ही पूरा कर जिले के 25 जनगणना चार्ज में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

जनप्रतिनिधियों ने की सराहना

सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला अभिलेखागार पदाधिकारी डॉ. जय शंकर प्रसाद मौजूद रहे। वहीं नगर पंचायत बायसी के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि कुरवान अली, उप मुख्य पार्षद हसन राजा सहित सभी वार्ड पार्षद कार्यक्रम में उपस्थित रहे।


कार्यक्रम का संचालन शिक्षक गुलाम जिलानी ने किया। इस दौरान नगर पंचायत बायसी के जनगणना कार्य में लगे कर्मी ब्रजेश कुमार को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने जनगणना कार्य में लगे सभी कर्मियों की सराहना करते हुए इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: