


जुगाड़ गाड़ी से 133.125 लीटर विदेशी शराब बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार
भागलपुर पुलिस द्वारा अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सनोखर थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 133.125 लीटर विदेशी शराब के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त एक जुगाड़ गाड़ी भी जब्त की है।
जानकारी के अनुसार वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव के निर्देश पर जिले में अवैध शराब, हथियार, मादक पदार्थों की बरामदगी तथा चोरी-छिनतई की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए लगातार गश्ती एवं छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि झारखंड की ओर से भागलपुर जिले में एक जुगाड़ गाड़ी के माध्यम से अवैध शराब की खेप लाई जा रही है।
सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कहलगांव-1 तथा सनोखर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा झारखंड से भागलपुर आने वाले मुख्य मार्गों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
वाहन जांच के दौरान सनोखर थाना क्षेत्र के एकचारी-महगामा मुख्य मार्ग के समीप एक संदिग्ध जुगाड़ गाड़ी को रोका गया। तलाशी लेने पर गाड़ी में पुआल के नीचे छिपाकर रखी गई 133.125 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान झारखंड के गोड्डा जिले निवासी प्रकाश रविदास, मोहम्मद महबूब आलम तथा मनीष कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुई हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस संबंध में सनोखर थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।
















