


@ कांवड़ियों की राह में कांग्रेस का सेवा शिविर, पूर्व विधायक अजीत शर्मा ने खुद संभाली कमान; बोले – ‘कांवरिया सेवा ईश्वर सेवा के समान’।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। सावन की आस्था से सराबोर शहर में कांवड़ियों की राह आसान बनाने के लिए कचहरी चौक पर सेवा का एक छोटा-सा पड़ाव सजाया गया। गंगा स्नान के बाद विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक के लिए निकल रहे कांवरियों के बीच भागलपुर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ठंडा जल, फल और पेठा वितरित कर उनका स्वागत किया।

पूर्व विधायक अजीत शर्मा के सौजन्य से लगाए गए इस कांवरिया सेवा शिविर की कमान खुद श्री शर्मा ने संभाली। शिविर में पहुंचने वाले कांवरियों को कार्यकर्ताओं ने श्रद्धा और आत्मीयता के साथ फल, पेठा एवं ठंडा पानी उपलब्ध कराया। तपती गर्मी और लंबी यात्रा के बीच सेवा का यह पड़ाव कांवरियों के लिए राहत का केंद्र बना।
शिविर के दौरान पूर्व विधायक अजीत शर्मा ने कहा कि कांवरियों की सेवा ईश्वर की सेवा के समान है। उन्होंने बाबा भोलेनाथ से सभी कांवरियों की यात्रा मंगलमय और सुरक्षित होने की कामना की।उन्होंने कहा कि बाबा भोलेनाथ सभी कांवरियों की यात्रा कुशल करें और उनकी मनोकामनाएं पूरी करें, यही उनकी प्रार्थना है।
सेवा शिविर में बिहार प्रदेश कांग्रेस के प्रतिनिधि डॉ. अभय आनंद, बिपिन बिहारी यादव, पूर्व नगर अध्यक्ष सोईन अंसारी, इंटक जिलाध्यक्ष रवि कुमार, अभिषेक किशोर उर्फ राकेश, दीपक बाजोरिया, रणवीर शर्मा, आरती सिंह, ज्योति यादव, बबली किशोर समेत दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
















