
शहर से ग्रामीण क्षेत्रों तक कई पूजा स्थलों पर पहुंचे विधायक, पूर्णियावासियों और देशवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की
पूर्णिया । काली पूजा के पावन अवसर पर पूर्णिया सदर विधायक विजय खेमका ने शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर मां काली की विधिवत पूजा-अर्चना की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने मां काली से समस्त क्षेत्रवासियों एवं देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्यपूर्ण जीवन की कामना की।
इस अवसर पर विधायक ने प्राचीन काली मंदिर कालीबाड़ी भट्ठा, सुदीन चौक, विवेकानंद कॉलोनी, खजांची हाट, लाइन बाजार, बाड़ीहाट, डीएसए ग्राउंड, रानीपतरा और बिलोरी सहित कई स्थानों पर आयोजित काली पूजा उत्सव में भाग लिया। उन्होंने विभिन्न पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं के साथ मां काली के दर्शन किए और पूजा समितियों एवं स्थानीय लोगों से मुलाकात की।

बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश देती है मां काली की आराधना
विधायक विजय खेमका ने कहा कि दीपावली के दीपोत्सव के बाद मां काली की आराधना का विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व है। मां काली शक्ति, साहस और धर्म की रक्षा की प्रतीक हैं। उनकी आराधना हमें बुराई पर अच्छाई, अधर्म पर धर्म और अन्याय पर न्याय की विजय का संदेश देती है।
उन्होंने कहा कि मां काली की कृपा से पूर्णिया सहित पूरे बिहार में सदैव शांति, सद्भाव, विकास और समृद्धि का वातावरण बना रहे। विधायक ने सभी श्रद्धालुओं को काली पूजा की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
काली पूजा के अवसर पर मंदिरों के दर्शन एवं भ्रमण के दौरान विधायक के साथ भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
















