



भागलपुर: भागलपुर और आसपास के जिलों में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। तापमान में भारी गिरावट के कारण आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और लोग अलाव, रजाई और गर्म कपड़ों का सहारा लेने को मजबूर हैं। इस भीषण ठंड में केवल आम लोग ही नहीं, बल्कि मंदिरों में विराजमान देवी-देवताओं की भी विशेष रूप से सेवा और देखभाल की जा रही है।

शहर के एसएसपी कार्यालय के समीप स्थित राम–सीता एवं शिव–पार्वती मंदिर में आस्था और परंपरा से जुड़ा एक भावनात्मक दृश्य देखने को मिल रहा है। यहां के पुजारी पंडित शंभू झा प्रतिदिन विधिवत पूजा-अर्चना और भोग अर्पण करने के उपरांत भगवान को ऊनी और गर्म वस्त्र पहनाते हैं, ताकि उन्हें भी ठंड से सुरक्षित रखा जा सके।

पुजारी पंडित शंभू झा ने बताया कि जिस प्रकार ठंड के मौसम में हम अपने परिवार के सदस्यों का ख्याल रखते हैं, उसी तरह भगवान का ध्यान रखना भी हमारा कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि श्रद्धा केवल पूजा तक सीमित नहीं होती, बल्कि सेवा भाव से जुड़ी होती है। इसी भावना के तहत भगवान को गर्म वस्त्र पहनाए जा रहे हैं।
उन्होंने श्रद्धालुओं से भी अपील की कि कड़ाके की ठंड के इस मौसम में अपने घरों और मंदिरों में स्थापित देवी-देवताओं को गर्म वस्त्र पहनाएं और उनकी नियमित सेवा करें। भागलपुर में ठंड के बीच आस्था, परंपरा और सेवा भाव से जुड़ा यह दृश्य लोगों के दिलों को छू रहा है और भक्ति की एक अनूठी मिसाल पेश कर रहा है।














